उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

प्रगति व समृद्धि के नए मानक पेश कर रहा नया भारत : सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में गत नौ वर्षों में भारत ने प्रगति व समृद्धि के नए मानक पेश किए हैं। आज पूरा विश्व भारत के प्रबंधन का लोहा मान रहा है। भारत और भारतवासियों के प्रति वैश्विक मंचों पर प्रतिष्ठा तो बढ़ी ही है, दुनिया के लोगों का भारत के प्रति नजरिया भी बदला है। पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज संकटमोचक के रूप में देखती है।

सीएम योगी रविवार शाम पोस्ट मास्टर जनरल (पीएमजी) कार्यालय भवन व आरोग्य मंदिर उप डाकघर के शिलान्यास तथा पार्सल हब एवं नोडल डिलीवरी सेंटर का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। राप्ती नगर फेज तीन में आयोजित शिलान्यास-लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत का उभार हुआ है। दुनिया के जिन भी देशों में पीएम मोदी जाते हैं, वहां के लोगों में एक नया उत्साह पैदा होता दिखता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता व लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ पीएम मोदी ने कोरोना संकटकाल में देश को जिस प्रकार का नेतृत्व दिया, इससे पूरी दुनिया पलक पांवडे बिछाकर उनका अभिनंदन करने को आतुर रहती है।

कोरोना संकटकाल में देश के सभी नागरिकों के लिए मुफ्त जांच, उपचार व वैक्सीन की व्यवस्था पीएम मोदी ने की। वैक्सीन की 220 करोड़ डोज दी गई, जरूरतमंदों को भरण पोषण भत्ता दिया गया, 12 करोड़ किसानों को पीएम सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है, जनधन खातों में जनकल्याणकारी योजनाओं की धनराशि डीबीटी के जरिए भेजी जा रही है, सवा तीन साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है। दुनिया के किसी भी और देश में ऐसी व्यवस्था नहीं की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के जो लोग पहले यह मानते थे कि भारत यह काम नहीं कर सकता, वही लोग अब यह मानते हैं कि भारत ही यह काम कर सकता है। वे मानते हैं कि दुनिया की सभी समाधान समस्याओं के समाधान का रास्ता भारत के ही पास है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से लेकर आंतरिक व वाह्य सुरक्षा, गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों के जीवन में व्यापक परिवर्तन किया है।

डाक सेवाओं के क्षेत्र में भी दिखती है नए भारत की नई तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की नई तस्वीर डाक सेवाओं के क्षेत्र में भी दिखती है। एक समय जब संचार क्षेत्र में डिजिटल क्रांति आई तो लगता था डाक सेवाएं बंद हो जाएंगी। पर, पीएम मोदी के नेतृत्व में डाक सेवाएं भी डिजिटल क्रांति से जुड़े और अपनी सेवाओं को नया आयाम भी दिया। सीएम योगी ने कहा कि डाक सेवाओं का हमारे जीवन पर व्यापक प्रभाव रहा है। ऐसे समय में जब दूर-दराज तक कोई आवागमन के साधन नहीं होते थे, तब भी डाकिए गांव गांव पैदल पहुंचकर चिट्ठी, मनी ऑर्डर आदि उपलब्ध कराते थे। आज बैंकिंग व बीमा सेवाओं से जुड़कर डाक विभाग के नए स्वरूप का दर्शन हो रहा है। स्मृति डाक टिकटों के माध्यम से डाक विभाग ने अतीत को वर्तमान से जुड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

कोरोना काल में संकट का साथी रहा रहा डाक विभाग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना संकटकाल में डाक विभाग की सेवाएं अति सराहनीय रही हैं। संकट का साथी विश्वसनीय साथी होता है और कोरोना के समय डाक विभाग ने संकट के साथी की ही भूमिका निभाई। जब सारी व्यवस्थाएं ठपप्राय थीं तब डाकियों ने गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अपनों द्वारा भेजी गई धनराशि उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी द्वारा डाक विभाग को माध्यम बनाकर शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा तो साकार होगा ही, बेटी लक्ष्मी की भी प्रतीक बनेगी। सीएम योगी ने लोकार्पित नए पार्सल हब की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि डाक विभाग की बढ़ती लोकप्रियता और जन आकांक्षाओं के प्रति प्रतिबद्धता का संकेत है। इसका लाभ पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ ही रेलवे के समन्वय से देश के अलग-अलग क्षेत्रों को भी प्राप्त होगा।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास के बाद योजनाओं के लाभार्थियों को दिया प्रमाण पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पोस्ट मास्टर जनरल के कार्यालय भवन तथा आरोग्य मंदिर उप डाकघर का शिलान्यास करने के बाद मंच से सुकन्या समृद्धि योजना, महिला सम्मान बचत पत्र, दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना आदि के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया।

दूसरे नेतृत्वकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं सीएम योगी: देवुसिंह चौहान

शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में केंद्रीय संचार राज्यमंत्री देवुसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि सीएम योगी दूसरे राज्यों के नेतृत्वकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बना दिया है। श्री चौहान ने कहा कि किसी राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत होगी तो उद्योग भी लगेंगे और शांति भी आएगी। सीएम योगी ने कानून व्यवस्था व विकास की शानदार मिसाल पेश की है। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। संचार राज्यमंत्री ने जनहित में डाक विभाग के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि जनकल्याण की योजनाओं को डाक विभाग ने गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाया है। डाक विभाग के पास 1.60 लाख डाकघरों का ऐसा नेटवर्क है जिस पर भारत की जनता पूरा भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि विभाग 5760 नए डाकघर खोलेगा जिसमें से 75 डाकघर यूपी के इसी क्षेत्र में खोले जाएंगे।

फ्रांस में भी सीएम योगी की बहुत डिमांड : रविकिशन

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार विकास की गंगा बहा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य में किए गए कानून व्यवस्था व विकास के शानदार कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तो सीएम योगी की फ्रांस में भी बहुत डिमांड हो रही है। चूंकि भारत को महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) की बहुत जरूरत है इसलिए हम लोग उन्हें कहीं जाने नहीं देंगे। रविकिशन ने डाक विभाग के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार ने डाक विभाग की सभी व्यवस्थाओं को हाईटेक कर दिया है।

स्वागत संबोधन में भारतीय डाक विभाग के सचिव विनीत पांडेय ने लोकार्पित व शिलान्यास वाली परियोजनाओं की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, डॉ विमलेश पासवान प्रदीप शुक्ल, चीफ पोस्ट मास्टर जनरल वी. सेल्वाकुमार, पोस्ट मास्टर जनरल विनोद कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़ें
Close
Back to top button