
कोलकाता से चेन्नई आ रही IndiGo की फ्लाइट 6E-723 में मंगलवार देर रात तकनीकी खराबी सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। विमान के बाएं इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में कुल 224 लोग सवार थे।
लैंडिंग से कुछ समय पहले पायलट को बाएं इंजन में समस्या का पता चला। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया और रनवे के आसपास फायर टेंडर तथा मेडिकल टीमों को तैयार रखा गया।
फ्लाइट ने चेन्नई एयरपोर्ट के रनवे 25 पर रात करीब 11:37 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 224 यात्रियों और क्रू सदस्यों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विमान के सुरक्षित उतरने के करीब 10 मिनट बाद एयरपोर्ट पर घोषित फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर सामान्य परिचालन जारी रहा। शुरुआती जानकारी के अनुसार इंजन में खराबी और तेल रिसाव की सूचना मिली थी, हालांकि तकनीकी समस्या का सटीक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।
इस घटना के दौरान एयरपोर्ट प्रशासन और विमान के क्रू ने निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाओं का पालन किया। समय रहते पायलट की ओर से सूचना दिए जाने और एयरपोर्ट पर बचाव दलों की तैनाती से विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने में मदद मिली।



