देश

गुजरात: राजकोट हादसे में मृतकों के परिवार को 4 लाख का मुआवजा, पीएम बोले- हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है

राजकोट के गेमिंग जोन में लगी आग में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इसमें कई बच्चे भी शामिल हैं। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मृतकों के परिवार के लिए 4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। इसके साथ ही हादसे में घायल होने वाले लोगों को 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। दमकलकर्मी मलबे में भी लोगों को ढूंढ़ रहे हैं। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

इस घटना पर पीएम मोदी ने लिखा “राजकोट में आग लगने की घटना से मैं बेहद व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।”

देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भी दुख जाहिर करते हुए लिखा “राजकोट (गुजरात) के गेम जोन में हुए हादसे से मन अत्यंत दुःखी है। इस हादसे के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जी से बात कर जानकारी ली है। प्रशासन राहत व बचाव कार्य के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और घायलों को इलाज प्रदान करवा रहा है। इस दुःखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

गुजरात के मुख्यमंत्री के पोस्ट

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस मामले पर दो पोस्ट किए। उन्होंने पहले एक्स पर लिखा “राजकोट में गेम जोन में लगी आग की घटना में नगर निगम और प्रशासन को तत्काल बचाव और राहत कार्य के निर्देश दिए गए हैं। घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था को प्राथमिकता देने का भी निर्देश दिया है।”

इस हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़ने के बाद उन्होंने लिखा “राजकोट में आग की त्रासदी दिल दहला देने वाली है। मैं इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देगी। यह सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है कि ऐसी घटना दोबारा न हो। इस आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस संबंध में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है।”

इस हादसे पर भाजपा विधायक दर्शिता शाह ने कहा, “आज राजकोट में बहुत दुखद घटना घटी है। राजकोट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि एक गेम ज़ोन में आग लगने से बच्चों की मृत्यु हुई है। बचाव दल की पूरी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचा सके। सरकार मामले पर कार्रवाई करेगी लेकिन अभी प्राथमिकता ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाना है।”

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button