उत्तराखंडराज्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की वोट बचाओ रैली को बताया हताशा, कहा- जनता ने नकारा

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के जन महाभियोग कार्यक्रम और एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित ‘देश बचाओ, वोट बचाओ’ महारैली पर निशाना साधा है। उन्होंने इन कार्यक्रमों को चुनाव में पराजित और जनता द्वारा नकारी गई पार्टियों की हताशा और निराशा करार दिया।

शनिवार को जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि जो लोग संसद को सड़क बनाने की कोशिश करते रहे, वे अब सड़क पर संसद का नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता का विश्वास हासिल करने में बार-बार विफल रहने वाला विपक्ष अब संवैधानिक चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर उसे बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।

महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को बाधित करने के लिए ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग पर विपक्ष सवाल उठा रहा है, उसी के तहत कांग्रेस की चार राज्यों में सरकारें और सात राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें काम कर रही हैं। उन्होंने विपक्ष पर मृत और कथित घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की प्रक्रिया का विरोध करने का भी आरोप लगाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एक नवंबर को प्रस्तावित रैली की तारीख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के दौरान रैली आयोजित करना पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने रैली के आयोजकों पर भी सवाल उठाए।

उत्तराखंड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रैली में भागीदारी के दावों पर तंज कसते हुए भट्ट ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पास न संगठन है और न ही समर्पित कार्यकर्ता। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा और विधानसभा के लगातार पांच चुनावों के नतीजे प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए अभी दिल्ली और देहरादून दोनों दूर हैं।

भट्ट ने कहा कि देश की जनता अपने मताधिकार के जरिए ही देश और प्रदेश की सरकारों का चयन करेगी। उन्होंने विपक्ष पर नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका के घटनाक्रमों से जुड़ी कथित विदेशी पटकथा को देश में दोहराने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button