सीएम धामी ने शुरू किया सशक्त बहना उत्सव, अगले साल 15 दिन चलेगा आयोजन

उत्तराखंड में महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव को अब और व्यापक किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का शुभारंभ किया और महिलाओं के उत्पादों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से सशक्त बहना उत्सव रक्षाबंधन से 15 दिन पहले शुरू होगा और पूरे पखवाड़े तक चलेगा। इससे महिलाओं को राखी, स्थानीय हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ और अन्य उत्पाद बेचने के लिए अधिक समय मिलेगा। सरकार का लक्ष्य इन समूहों को स्थानीय बाजार के साथ-साथ बड़े बाजारों और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है।
पिछले तीन वर्षों में प्रदेश के 95 विकासखंडों में 4,480 स्टॉल लगाए गए, जिनसे करीब 12.50 करोड़ रुपये के स्थानीय उत्पादों की बिक्री हुई है। सरकार अब इस पहल को ‘सशक्त बहना बाजार’ के रूप में विस्तार देने की दिशा में काम कर रही है।
महिला समूहों के उत्पादों को पर्यटन स्थलों, धार्मिक यात्रा मार्गों, रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट और होटल-रिसॉर्ट तक पहुंचाने की भी योजना है। इसके साथ ही ई-कॉमर्स और डिजिटल माध्यमों के जरिए उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार देने पर जोर दिया जा रहा है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से इन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है।
सरकार के अनुसार, उत्तराखंड में 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह संचालित हैं, जिनसे 5.20 लाख से ज्यादा ग्रामीण परिवार जुड़े हैं। ऐसे में सशक्त बहना उत्सव का विस्तार महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।



