उत्तराखंड

दून अस्पताल में वायरल मरीज बढ़े, डेंगू-चिकनगुनिया के 16 नए केस

देहरादून में मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच मौसमी बीमारियों का असर दिखाई देने लगा है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी में वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मरीज बुखार, सर्दी-जुकाम और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतों के साथ उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को अस्पताल की कुल ओपीडी में 2,711 मरीज पहुंचे, जबकि मेडिसिन विभाग में 501 लोगों ने परामर्श लिया।

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, मेडिसिन ओपीडी में आने वाले लगभग 10 मरीजों में से चार में बुखार, जुकाम और शरीर में अकड़न जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं। डॉक्टरों ने ऐसे लक्षण होने पर लापरवाही न करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है। मौसम में बदलाव के दौरान साफ-सफाई और खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है।

वायरल संक्रमण के साथ देहरादून जिले में डेंगू और चिकनगुनिया के मामले भी सामने आ रहे हैं। सोमवार को दोनों बीमारियों के कुल 16 नए मरीज मिले। इनमें डेंगू के 9 और चिकनगुनिया के 7 मरीज शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में अब तक डेंगू के 314 और चिकनगुनिया के 203 मामले सामने आ चुके हैं।

डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। सोमवार को 7,201 घरों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 56 घरों में डेंगू का लार्वा मिला। टीमों ने 50,584 कंटेनरों की जांच की और 64 में लार्वा पाया। लोगों से अपील की गई है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर व पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करें और बुखार होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button