भारत-पाक सरहद पर फिर से हैरोइन व ड्रोन बरामद, फिर से घुसपैठ

कई दिनों से पड़ोसी देश पाकिस्तान द्वारा भारतीय क्षेत्र में ड्रोन भेजे जा रहे हैं। दोबारा पंजाब पुलिस व बी.एस.एफ. ने तलाशी अभियान की मदद से भारत-पाक सरहद से चाइना मेड ड्रोन व 718 ग्राम हैरोइन बरामद की है। अब पुलिस थाना खालड़ा व खेमकरण में केस दर्ज करने के बाद अगली कार्रवाई में विस्तार कर चुकी है।

डी.एस.पी. भिखीविंड प्रीतइंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह 11.28 बजे बी.ओ.पी. वां तारा सिंह नजदीक पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा दस्तक देने की आवाज सुनाई दी। सतर्क होते हुए बी.एस.एफ. के जवानों व थाना खालड़ा की पुलिस द्वारा गांव वां तारा सिंह के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। तब सुखदेव सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी वां तारा सिंह के खेतों से 1 चाइना मेड ड्रोन व 400 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। इसके अलावा थाना खेमकरण की पुलिस व बी.एस.एफ. के जवानों ने तलाशी अभियान की मदद से गांव मस्तगढ़ से रेशम सिंह पुत्र डोगर सिंह के खेतों से 1 प्लॉस्टिक की बोतल बरामद की। इसमें से 318 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। यह हैरोइन ड्रोन द्वारा भारतीय क्षेत्र में फैंकी गई हो सकती है। इन दोनों मामलों में थाना खालड़ा व खेमकरण में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस को इन दोनों मामलों में 718 ग्राम हैरोइन बरामद हुई है।