इस करवा चौथ हाथों में लगाएं खुबसूरत मेहंदी, यहां देखें खूबसूरत डिजाइन

सुहागिन महिला के लिए करवा चौथ का त्योहार काफी अहम होता है। महिलाएं बेसब्री से इस त्योहार का इंतजार साल भर करती हैं। हर साल की तरह इस साल भी महिलाएं करवा चौथ के व्रत के लिए काफी उत्साहित हैं। इस साल ये त्योहार 1 नवंबर को मनाया जाएगा। ऐसे में पूजा के समय तैयार होने के लिए महिलाओं ने अपनी पसंद के हिसाब से नए कपड़े और ज्वेलरी खरीद ली है।

करवा चौथ के दिन महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं और शाम में चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद ही पानी पीती हैं। कई जगह व्रत के दिन सुबह सरगी खाने की परंपरा है। इसमें सरगी के बाद महिलाओं का ये व्रत शुरू होता है। इस दिन को और खास बनाने के लिए सुहागिन महिलाएं 16 श्रृंगार करती हैं।

ऐसा माना जाता है कि मेहंदी के बिना करवा चौथ का त्योहार अधूरा होता है। इसी के चलते महिलाएं एक दिन पहले ही हाथों में मेहंदी लगवा लेती हैं। अगर इस करवा चौथ आप भी अपने हाथों में पिया जी के नाम की मेहंदी लगाने जा रही हैं, तो यहां इसके कुछ लेटेस्ट डिजाइन हैं।

हाथ पर दिखाएं अपनी परंपरा

सभी जगहों पर करवा चौथ की पूजा महिलाएं एक साथ बैठकर करती हैं। ऐसे में इस परंपरा को आप अपनी मेहंदी की डिजाइन में दिखा सकती हैं। ये देखने में कमाल की लगेगी।

चांद देखती हुई महिला

अगर आपको भरे-भरे हाथ मेहंदी लगवाना पसंद है तो ये डिजाइन आपके लिए बेहतर विकल्प है। इसके लिए एक हथेली में चांद देखती हुई महिला की तस्वीर बनाएं और दूसरी हथेली में आप अपने पसंद की डिजाइन बना सकती हैं।

हथेली पर बनाएं महिला

अगर आपके पास भरे हाथ मेहंदी लगवाने का वक्त नहीं है तो करवा चौथ की पूजा के लिए अपने हाथों की हथेली पर करवा चौथ की पूजा करती महिला की तस्वीर बनवाएं। ये डिजाइन रचने के बाद कमाल की लगेगी।

ब्राइडल मेहंदी

नई दुल्हनों के लिए ये डिजाइन एक बेहतर विकल्प है। ऐसे में आप चाहें तो अपने हाथों में पति का नाम लिखवा सकती हैं। इसके अलावा पारंपरिक तरीके से अपने हाथों में ब्राइडल मेहंदी लगवा सकती हैं।

हाथों में बनाएं दूल्हा-दुल्हन

अगर ये आपका पहला करवा चौथ व्रत है तो हाथों में इस तरह से दूल्हा-दुल्हन बना सकती हैं। नई दुल्हनों के हाथों में इस तरह की डिजाइन काफी खूबसूरत लगती है। ऐसी मेहंदी के साथ जब आप हाथों में चूड़ा पहनेंगी तो आपका लुक और ज्यादा कमाल का लगेगा।

मंडला आर्ट मेहंदी डिजाइन

अगर आपके पास मेहंदी लगाने का समय नहीं है तो ये डिजाइन आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प है। इस तरह की मंडला आर्ट मेहंदी डिजाइन को आप आसानी से घर पर ही लगा सकती हैं और इसे सूखने में भी ज्यादा समय नहीं लगेगा।