पाकिस्तान में नमाज को लेकर खौफनाक वारदात, दादा ने दो पोतों की हत्या की

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में नमाज को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में दो मासूम बच्चों की हत्या का मामला सामने आया है। घटना फैसलाबाद जिले के मामुनकंजन इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, परिवार में बच्चों के नियमित रूप से नमाज नहीं पढ़ने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी दादा शाह मोहम्मद ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने दो पोतों पर हमला कर दिया। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बीच-बचाव करने की कोशिश कर रही अपनी पत्नी और बहू पर भी हमला किया, जिससे दोनों घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने पर उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी परिवार के सदस्यों पर दिन में पांचों वक्त नमाज पढ़ने के लिए दबाव डालता था। शनिवार रात ईशा की नमाज को लेकर पत्नी और बहू से कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने हिंसक हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने पाकिस्तान में धार्मिक आस्था और पारिवारिक विवाद के हिंसक रूप लेने को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि हो सकेगी।



