देश

प्रियंका गांधी पहुंची रायपुर, स्वागत में दो किलोमीटर सड़क पर बिछाई गई गुलाब की पंखुड़ियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर शहर में हो रहे कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार सुबह कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी रायपुर पहुंचीं। प्रियंका के स्वागत में रायपुर विमानतल के सामने लगभग दो किलोमीटर तक सड़क पर कालीन की तरह गुलाब की पंखुड़ियों की मोटी परत बिछाई गई थी।

प्रियंका गांधी के स्वागत में दो किलोमीटर दूरी तक सड़क को कालीन की तरह सजाने के लिए छह हजार किलोग्राम से अधिक गुलाब का उपयोग किया गया। वहीं रंगीन पारंपरिक परिधानों में सजे लोक कलाकारों ने भी मार्ग के किनारे एक लंबे मंच पर अपनी प्रस्तुति दी।

प्रियंका गांधी शनिवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचीं, जहां छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

उनके स्वागत के लिए विमानतल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और उनके समर्थक एकत्र थे। उनके विमानतल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और नारे लगाए। इसके बाद गांधी मुख्यमंत्री बघेल के साथ एक कार में सवार होकर विमानतल से निकलीं। साथ ही वाहनों के लंबे काफिले में राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

प्रियंका ने हाथ हिलाकर सड़क पर खड़े कार्यकर्ताओं का अभिवादन और उत्साहवर्धन किया। साथ ही भूपेश बघेल ने भी गांधी की तरह ही पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। गांधी के स्वागत में विमानतल से लगभग दो किलोमीटर की दूरी तक की सड़क पर गुलाब और उसकी पंखुड़ियों की मोटी परत बिछाई गई थी। समर्थकों ने रास्ते में गांधी पर गुलाब की पंखुड़ियां भी बरसाईं।

प्रियंका ने संवाददाताओं से कहा कि वह इस तरह के भव्य स्वागत को देखकर अभिभूत हैं। रायपुर शहर के महापौर एजाज ढेबर ने बताया, ‘‘सड़क को सजाने के लिए छह हजार किलोग्राम से अधिक गुलाब का इस्तेमाल किया गया। मैं हमेशा हमारे वरिष्ठ नेताओं के स्वागत के लिए कुछ नया करने की कोशिश करता हूं।’’

ढेबर ने बताया राष्ट्रीय अधिवेशन स्थल के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए मंच बनाया गया जहां समर्थकों ने उन पर गुलाब की पंखुड़ियां भी बरसाईं। नवा रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक हो रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में आने वाले नेताओं के स्वागत के लिए विमानतल से अधिवेशन स्थल तक की सड़क को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के रंग-बिरंगे पोस्टरों और होर्डिंग्स से सजाया गया है। होर्डिंग्स में देश को एकजुट करने और प्रेम फैलाने के लिए ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दौरान प्रचारित संदेश लिखे हैं।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button