किसानों के लिए राहत! होर्मुज पार कर भारत पहुंचे खाद से लदे 15 जहाज, सप्लाई पर संकट टला

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारतीय किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारत आने वाले उर्वरकों और कच्चे माल से लदे 20 जहाजों में से 15 जहाज सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुके हैं। सरकार का कहना है कि इससे देश में खाद की आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी और खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इन 15 जहाजों में आठ जहाज करीब 3.32 लाख टन यूरिया, चार जहाज लगभग 2.57 लाख टन DAP (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) और तीन जहाज करीब 1.11 लाख टन सल्फर लेकर भारत आ रहे हैं। सभी जहाज तय कार्यक्रम के अनुसार भारतीय बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं।
सरकार ने यह भी कहा है कि आयात के साथ-साथ घरेलू उर्वरक उत्पादन में भी बढ़ोतरी की गई है और विभिन्न देशों से सप्लाई स्रोतों में विविधता लाई गई है। इसी रणनीति के चलते वैश्विक तनाव के बावजूद किसानों के लिए खाद की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिली है और फिलहाल सप्लाई चेन को लेकर किसी बड़े व्यवधान की आशंका नहीं है।



