SBI PO की सैलरी और फायदे

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) की नौकरी सबसे प्रतिष्ठित बैंकिंग पदों में मानी जाती है। नवीनतम भर्ती के अनुसार, SBI PO का शुरुआती बेसिक पे ₹48,480 (चार एडवांस इंक्रीमेंट सहित) है। चयनित अधिकारियों को JMGS-I स्केल के तहत नियुक्त किया जाता है और उनका वार्षिक CTC मुंबई जैसे केंद्रों पर करीब ₹21.97 लाख तक हो सकता है।
मासिक वेतन की बात करें तो पोस्टिंग और भत्तों के आधार पर ग्रॉस सैलरी लगभग ₹93,000 से ₹94,000 प्रति माह तक पहुंचती है, जबकि कटौतियों के बाद इन-हैंड सैलरी करीब ₹80,000 से ₹82,000 प्रति माह हो सकती है। यह राशि पोस्टिंग की जगह, HRA और अन्य भत्तों के अनुसार बदल सकती है।
सैलरी के अलावा SBI PO को कई आकर्षक सुविधाएं भी मिलती हैं। इनमें महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), सिटी कंपेनसेटरी अलाउंस (CCA), मेडिकल सुविधाएं, लीज्ड आवास सुविधा, लीव फेयर कंसेशन (LFC), भविष्य निधि (PF), नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS), कम ब्याज दर पर होम और कार लोन, यात्रा व अन्य बैंकिंग सुविधाएं शामिल हैं। यही कारण है कि SBI PO की नौकरी को बैंकिंग सेक्टर की सबसे आकर्षक नौकरियों में गिना जाता है।
करियर ग्रोथ की बात करें तो प्रोबेशनरी ऑफिसर के रूप में शुरुआत करने वाला अधिकारी समय के साथ मैनेजर, सीनियर मैनेजर, चीफ मैनेजर और आगे उच्च प्रबंधन पदों तक पहुंच सकता है। अच्छे प्रदर्शन और विभागीय प्रमोशन के साथ वेतन और सुविधाओं में भी लगातार बढ़ोतरी होती है।



