लाइफस्टाइल
Parenting Tips: अच्छे पेरेंट बनने के लिए अपनाएं ये 5 जरूरी बातें, जानें एक्सपर्ट की सलाह
डॉ. रवि मलिक के अनुसार माता-पिता को उन पार्टियों और कार्यक्रमों को ‘नो’ कहना सीखना चाहिए, जिनका परिवार के लिए कोई खास महत्व नहीं है। इससे बचा समय बच्चे के साथ बिताया जा सकता है। साथ ही पति-पत्नी के बीच होने वाले अनावश्यक झगड़ों में समय बर्बाद करने के बजाय बच्चे के साथ सकारात्मक समय बिताने पर ध्यान दिया जा सकता है।
सोशल मीडिया और बेवजह की स्क्रॉलिंग भी माता-पिता का काफी समय ले सकती है। लगातार फोन में व्यस्त रहने से बच्चे के साथ बातचीत और एक्टिविटी के लिए मिलने वाला समय कम हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि पेरेंट्स अपने स्क्रीन टाइम को लेकर भी सीमाएं तय करें।
डॉ. मलिक ने बच्चे की हर मांग पर ‘हां’ कहने से बचने की बात भी कही है। बच्चे को जरूरत के अनुसार ‘नो’ सुनना और सीमाओं को समझना भी उसकी परवरिश का हिस्सा है। इसके साथ ही अनावश्यक लंबी फोन कॉल्स को सीमित करके वह समय बच्चे के साथ खेलने, बातचीत करने या दूसरी एक्टिविटीज में लगाया जा सकता है।
एक अन्य पेरेंटिंग सलाह में डॉ. रवि मलिक ने माता-पिता को बच्चे के सामने एक-दूसरे की बुराई न करने और महत्वपूर्ण फैसलों पर एकमत रहने की बात कही है। बच्चे के सामने माता-पिता का लगातार अलग-अलग रुख अपनाना उसके लिए भ्रम की स्थिति पैदा कर सकता है।
इन सलाहों का मुख्य फोकस समय, सीमाएं और बच्चे के साथ गुणवत्तापूर्ण जुड़ाव पर है। बच्चे के साथ खेलना, उसकी बातें सुनना और रोजमर्रा की गतिविधियों में शामिल होना माता-पिता और बच्चे के रिश्ते को मजबूत करने में मदद कर सकता है।