बेंगलुरु के होटलों में फूड सेफ्टी का बड़ा खुलासा, 132 किलो खराब खाद्य सामग्री जब्त

बेंगलुरु के प्रीमियम होटलों में खाद्य सुरक्षा को लेकर हुई जांच में चौंकाने वाली कमियां सामने आई हैं। कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के 26 थ्री-स्टार और फाइव-स्टार होटलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान एक्सपायर्ड दूध, खराब मीट, फंगस लगी सब्जियां और खाद्य पदार्थों के गलत भंडारण जैसी खामियां पाई गईं।
जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की 30 टीमें लगाई गई थीं। अभियान के दौरान अलग-अलग होटलों से 35 खाद्य नमूने भी लिए गए, जिनमें चिकन, मटन, मछली, दूध, तेल, मसाले, चीज, सॉस और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।
खराब खाद्य सामग्री जब्त
अधिकारियों ने कई होटलों से एक्सपायर्ड और असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त की। रिपोर्ट के मुताबिक बड़ी मात्रा में मीट और अन्य खाद्य पदार्थों के साथ एक्सपायर्ड दूध और बेकरी उत्पाद भी मिले। जब्त की गई सामग्री को नष्ट किया गया और संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
होटलों की रसोई में मिलीं कई खामियां
निरीक्षण के दौरान कुछ किचन और स्टोरेज एरिया में साफ-सफाई की कमी पाई गई। कई जगह खाद्य पदार्थों को निर्धारित तरीके से स्टोर नहीं किया गया था। कुछ प्रतिष्ठानों में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री के अलग-अलग भंडारण से जुड़े नियमों का भी पालन नहीं मिला। इसके अलावा कुछ उत्पादों की लेबलिंग में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिन होटलों में नियमों का उल्लंघन पाया, उनके खिलाफ नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी होटल और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
यह कार्रवाई इस बात को रेखांकित करती है कि महंगे और प्रीमियम होटल भी खाद्य सुरक्षा नियमों से बाहर नहीं हैं। नियमित निरीक्षण, सही भंडारण, स्वच्छ रसोई और ताजा खाद्य सामग्री का इस्तेमाल उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।



