कैंची धाम के पास पिकअप नदी में गिरी, 3 घायल

कैंची धाम क्षेत्र में हुए इस हादसे की सूचना मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मिली। राहगीरों ने नदी क्षेत्र में वाहन की लाइट जलती देखी, जिसके बाद कैंची चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार पिकअप हल्द्वानी से दूध लेकर अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। कैंची क्षेत्र के पास चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद पिकअप चट्टान से पलटते हुए करीब 150 मीटर नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरी।
हादसे में वाहन सवार अंकित सिंह, बॉबी और मोहम्मद साकिब घायल हुए। रेस्क्यू टीम ने तीनों को काफी मशक्कत के बाद हाईवे तक पहुंचाया और 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा।
भवाली सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर तलाशी और रेस्क्यू कार्रवाई पूरी की।
कैंची धाम और अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे का यह पहाड़ी क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है। इससे पहले भी शिप्रा नदी क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाएं सामने आती रही हैं, ऐसे में पहाड़ी मार्ग पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।



