सब्जियों में चाहिए ढाबे जैसा स्वाद? घर पर बनाएं एकदम परफेक्ट गरम मसाला

अगर आपकी सब्जियों में ढाबे जैसी खुशबू और गहरा स्वाद नहीं आता, तो इसकी सबसे बड़ी वजह बाजार का तैयार मसाला हो सकता है। ताजा और घर पर बना गरम मसाला न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि खाने को एक अलग ही सुगंध भी देता है।
गरम मसाला बनाने के लिए सामग्री:
- 4 बड़े चम्मच धनिया के बीज
- 2 बड़े चम्मच जीरा
- 15-20 काली मिर्च
- 8-10 हरी इलायची
- 2 बड़ी इलायची
- 8-10 लौंग
- 2 इंच दालचीनी
- 2 तेजपत्ता
- 1 चम्मच सौंफ
- ½ चम्मच जायफल पाउडर या छोटा टुकड़ा जायफल
- 1 छोटा टुकड़ा जावित्री
बनाने की विधि:
सबसे पहले सभी साबुत मसालों को धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक सूखा भून लें। ध्यान रखें कि मसाले जलें नहीं, केवल उनकी खुशबू निकलनी चाहिए। इसके बाद मसालों को पूरी तरह ठंडा होने दें और मिक्सर या ग्राइंडर में बारीक पीस लें।
पीसा हुआ मसाला एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें। इससे इसकी खुशबू और स्वाद लंबे समय तक बरकरार रहेगा। ताजा गरम मसाला बाजार में मिलने वाले कई तैयार मसालों की तुलना में अधिक सुगंधित और प्रभावशाली होता है।
इस मसाले का उपयोग सब्जी, दाल, पनीर, छोले, राजमा और नॉन-वेज व्यंजनों में किया जा सकता है। खाना तैयार होने के आखिर में आधा या एक चम्मच गरम मसाला डालने से स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।
खाना बनाने के शौकीनों का मानना है कि ढाबे के स्वाद का एक बड़ा राज ताजा पिसा हुआ मसाला होता है। इसलिए यदि आप घर के खाने में भी वही स्वाद चाहते हैं, तो एक बार यह घरेलू गरम मसाला जरूर बनाकर देखें।



