विदेश

अमिताभ बच्चन दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं : अमेरिकी सांसद खन्ना

वाशिंगटन : बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन (Bollywood superstar Amitabh Bachchan) दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं. एक शीर्ष भारतीय-अमेरिकी संसद सदस्य ने यह बात कही. अमेरिकी सांसद रो. खन्ना (US Congressman Ro Khanna) ने शनिवार को मुंबई में अमिताभ बच्चन (80) से मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की. खन्ना, ‘कांग्रेशनल इंडिया कॉकस’ के सह-अध्यक्ष हैं और वह इंडिया कॉकस के अन्य सह-अध्यक्ष व अमेरिकी सांसद माइकल वाल्ट्ज के साथ भारत में एक द्विदलीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘हमने कृत्रिम मेधा (एआई)…भारत के उत्थान, बच्चन के पिता और अमेरिका-भारत संबंधों के महत्व पर एक घंटे तक व्यापक चर्चा की. अमिताभ बच्चन के जीवन की कहानी भारत की कहानी का प्रतीक है. वह दुनिया में भारत के सबसे बड़े राजदूत हैं.’

खन्ना ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘मैंने बच्चन से कहा कि उन्हें फिर से अमेरिका का दौरा करना चाहिए. वह मेरे परिवार और माता-पिता जैसे कई भारतीय अमेरिकी प्रवासियों को आशा प्रदान करते हैं. वह भारत और भारतीय-अमेरिकियों के उत्थान के प्रतीक हैं.’

उन्होंने कहा, ‘हमने शाश्वत मूल्यों – करुणा, सम्मान, विचार, सहानुभूति – के महत्व पर चर्चा की और ये मूल्य अंततः हमारे भविष्य के लिए कितने अधिक मायने रखते हैं.’

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में खन्ना, मुंबई में बच्चन के आवास पर उनसे मुलाकात करते नजर आते हैं. बच्चन ने इस वीडियो के जवाब में लिखा, ‘एक सम्मान और विशेषाधिकार.’ अमेरिकी सांसद ने अपनी मुंबई यात्रा के दौरान अभिनेता अनुपम खेर से भी मुलाकात की.

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button