विदेश

न्यूयॉर्क और वाशिंगटन में PM मोदी के कार्यक्रमों के दौरान प्रस्तुति देंगी हॉलीवुड अभिनेत्री मैरी मिलबेन

वाशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगले हफ्ते होने वाली अमेरिका की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा के दौरान हॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री एवं गायिका मैरी मिलबेन न्यूयॉर्क और वाशिंगटन डीसी में होने वाली उनके कार्यक्रमों में प्रस्तुति देंगी। शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।

अफ्रीकी मूल की अमेरिकी नागरिक मिलबेन (38) राष्ट्रगान ‘जन गण मन…’ और ‘ओम जय जगदीश हरे…’ के गायन को लेकर भारत में काफी लोकप्रिय हैं। विज्ञप्ति के मुताबिक, मिलबेन 21 जून को नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (यूएनएचक्यू) के ‘नॉर्थ लॉन’ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।

अभिनेत्री ने कहा, “मैं संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष साबा कोरोसी, (संयुक्त राष्ट्र में भारत की) स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज और न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स के साथ प्रधानमंत्री मोदी का अमेरिका में उनके पहले कार्यक्रम में स्वागत करने को लेकर उत्सुक हूं।”

विज्ञप्ति के अनुसार, मिलबेन को 23 जून को वाशिंगटन की रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में आयोजित होने वाले भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए भी आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर 21 जून से 24 जून तक अमेरिका की यात्रा पर जाएंगे।

जो बाइडन और उनकी पत्नी 22 जून को राजकीय रात्रिभोज में मोदी की मेजबानी करेंगे। मोदी 22 जून को अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। वह 23 जून को वाशिंगटन में इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर और रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में देशभर से आए भारतीय-अमेरिकियों की सभा को भी संबोधित करेंगे।

मिलबेन ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की अगले हफ्ते होने वाली अमेरिका यात्रा को लेकर मुझमें काफी उम्मीदें और उत्साह है। यह यात्रा भारत-अमेरिका संबंधों का जश्न मनाती है, जो दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र होने के साथ ही विश्व के सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी देशों में से एक हैं।”

अमेरिकी संसद की संचालन समिति ने मिलबेन को आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री मोदी की आधिकारिक राजकीय यात्रा के दौरान उनके विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया है। वह 23 जून को वाशिंगटन डीसी स्थित रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग और इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर में यूनाइटेड स्टेट्स इंडियन कम्युनिटी फाउंडेशन (यूएसआईसीएफ) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी व अन्य आमंत्रित सदस्यों के सामने प्रस्तुति देंगी।

मिलबेन को अगस्त 2022 में भारत के 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था। इसी के साथ वह स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुति के लिए आमंत्रित की जाने वाली पहली अमेरिकी और अफ्रीकी-अमेरिकी कलाकार बन गई थीं।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button