थाईलैंड में 11 साल के बच्चे ने चढ़ाया ट्रक, 8 बौद्ध भिक्षुओं की मौत

थाईलैंड के मुकदाहान (Mukdahan) प्रांत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीर्थयात्रा पर निकले बौद्ध भिक्षुओं के समूह को एक 11 वर्षीय बच्चे द्वारा चलाए जा रहे पिकअप ट्रक ने टक्कर मार दी। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 8 बौद्ध भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि बच्चा अपने परिवार का पिकअप ट्रक बिना अनुमति के लेकर निकला था और वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह पैदल चल रहे भिक्षुओं के जुलूस में जा घुसा।
पुलिस ने वाहन को जांच के लिए जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बच्चे के अभिभावकों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वाहन उसकी पहुंच में कैसे आया। घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। इस हादसे ने थाईलैंड में सड़क सुरक्षा और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मुद्दे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



