अमेरिका में Birth Tourism पर ट्रंप का शिकंजा, 600 से ज्यादा वीजा रद

अमेरिका में Birth Tourism को लेकर ट्रंप प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने इस प्रथा पर रोक लगाने के लिए एक विशेष Birth Tourism Prevention Task Force बनाई है। विभाग के अनुसार, इस टास्क फोर्स ने अपने शुरुआती एक महीने में ही 600 से ज्यादा विदेशी नागरिकों के वीजा रद करने की कार्रवाई की है।
Birth Tourism क्या है? इसका मतलब ऐसे मामलों से है, जब कोई विदेशी नागरिक गैर-आप्रवासी वीजा के जरिए अमेरिका मुख्य रूप से बच्चे को जन्म देने के उद्देश्य से जाता है। ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि कुछ लोग अमेरिकी इमिग्रेशन व्यवस्था का इस्तेमाल बच्चे को अमेरिकी नागरिकता दिलाने के लिए करते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने 6 अगस्त 2026 के कार्यकारी आदेश में भी Birth Tourism को इसी तरह परिभाषित किया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि विभाग Birth Tourism से जुड़े नेटवर्क और वीजा के कथित दुरुपयोग पर नजर रख रहा है। प्रशासन का कहना है कि गैर-आप्रवासी वीजा का इस्तेमाल उन्हीं उद्देश्यों के लिए होना चाहिए, जिनके लिए उन्हें जारी किया जाता है।
ट्रंप प्रशासन की यह कार्रवाई व्यापक इमिग्रेशन सख्ती के बीच हुई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने अगस्त 2026 में बताया कि ट्रंप के दोबारा सत्ता में आने के बाद कुल 1.75 लाख से अधिक वीजा रद किए जा चुके हैं। इनमें वीजा शर्तों के उल्लंघन, अपराध, इमिग्रेशन फ्रॉड और अन्य कारणों से हुई कार्रवाइयां शामिल हैं।
हालांकि, Birth Tourism और Birthright Citizenship को लेकर अमेरिका में कानूनी विवाद भी जारी है। ट्रंप प्रशासन ने अगस्त 2026 में इस दिशा में नए कार्यकारी आदेश जारी किए हैं, जबकि नागरिक अधिकार संगठनों ने इन्हें अदालत में चुनौती दी है।
इस पूरे अभियान से अमेरिका जाने वाले विदेशी यात्रियों के लिए वीजा जांच और इमिग्रेशन स्क्रीनिंग और सख्त होने के संकेत मिल रहे हैं। खासकर उन आवेदकों पर अतिरिक्त नजर हो सकती है, जिनके यात्रा उद्देश्य को लेकर अमेरिकी अधिकारियों को Birth Tourism की आशंका हो।



